बिल्सी। चार दिन पहले गांव सिरासोल में बरात में डीजे पर गाना बदलने को लेकर दबंगों ने बरातियों के साथ मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों पर सोने की चेन ले जाने का आरोप है।
थाना इस्लामनगर क्षेत्र के कस्बा रुदायन निवासी हरिओम के पुत्र कौशल की बरात बुधवार की रात कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरासौल में प्रमोद कुमार के घर आई थी। इसी दौरान डीजे पर गाना बदलने को लेकर डीजे संचालक और बरातियों में कहासुनी हो गई। उस समय वहां मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था। बरात जब रवाना होने लगी तो रास्ते में डीजे संचालक ने अपने साथियों के साथ बाइक से जा रहे तीन बरातियों पर हमला कर दिया। इससे रुदायन निवासी निवासी मोहित पुत्र नरेश, विशाल पुत्र जयपाल व भगवंत नगर निवासी अवधेश पुत्र तेजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को बिल्सी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह पुंढीर ने बताया कि इस मामले में पीड़ित मोहित की ओर से गांव सिरसोल निवासी रूपराम, प्रशांत, यशपाल और भोला जाटव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पीड़ित मोहित ने कहा है कि झगड़े के दौरान ही अवधेश कुमार की सोने की चेन गुम हो गई।