बदायूं। मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव सबदलपुर में बिल बकाया होने पर केबल काटने पर विद्युत उपकेंद्र की टीम पर हमला कर दिया गया। लाइनमैन को पीटा और उसके कपड़े फाड़ दिए। मोबाइल छीनकर घटना का बनाया वीडियो डिलीट कर दिया। वाहनों में तोड़फोड़ करने की कोशिश की। पुलिस ने लाइनमैन की तहरीर पर पांच नामजद और 30 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। रिसौली विद्युत उपकेंद्र पर तैनात लाइनमैन दुर्गेश कुमार के मुताबिक एक दिन पहले उच्चाधिकारियों के आदेश पर केवाईसी अभियान के तहत कनेक्शन चेक करने सबदलपुर गांव गए थे। टीम में संविदा कर्मचारी मनोज कुमार, प्रदीप कुमार और बंटू भी शामिल थे। वह सबदलपुर गांव में एक-एक कनेक्शन चेक करते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान गुड्डो पत्नी रजिस्टर पर ज्यादा बिल था, लेकिन उन्होंने बिल जमा नहीं किया था। टीम ने गुड्डो का कनेक्शन काट दिया। इस पर रजिस्टर, पिंटू, चोब सिंह, रनपाल और अजयवीर समेत करीब 25-30 अज्ञात लोग आ गए। उन्होंने टीम के साथ गालीगलौज शुरू कर दी।
लाइनमैन दुर्गेश ने मोबाइल से उनकी वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने मोबाइल छीन लिया और वीडियो डिलीट कर दी। सभी के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की गई। दुर्गेश के कपड़े फाड़ दिए और उनके वाहनों में तोड़फोड़ की कोशिश की। उन्होंने गांव से भागकर अपनी जान बचाई। उन्होंने पांच नामजद और 30 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने बुधवार रात एफआईआर दर्ज कर ली। एसओ राजेश कौशिक ने बताया कि मामले की विवेचना कराई जा रही है।