बदायूं। एआरटीओ कार्यालय के बाहर मंगलवार को छापामार कार्रवाई के दौरान पकड़े गए 14 दलालों के खिलाफ देर रात धोखाधाड़ी और फर्जी साक्ष्य बनाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई। बुधवार शाम उन्हें जेल भेज दिया गया। पांच कार, सात प्रिंटर, पांच लैपटॉप, पांच बैग, तीन की-बोर्ड, तीन माउस और एक कार की हाईसिक्योरिटी नंबर प्लेट बरामद हुई है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने एआरटीओ कार्यालय के बाहर छापा मारकर 14 दलाल पकड़े थे। पूछताछ में दलालों ने अपने नाम उझानी के मोहल्ला गंजशहीदा निवासी रामेंद्र गुप्ता, शहर के मोहल्ला अल्फाखां सराय निवासी कुर्रम, मधुवन कॉलोनी निवासी यशवंत पाठक व उसका पिता अवनीश पाठक, उसहैत के ईश्वरी नगला निवासी नीरज कुमार, बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला नवादा शेखान निवासी पप्पू, लालपुल ऊपरपारा निवासी रवि, बिल्सी के मोहल्ला नंबर आठ निवासी राजवीर सिंह व राजपाल सिंह, बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के गांव बिछुरैया सिरसा निवासी मोहित कुमार सिंह, बरेली के विशारतगंज थाना क्षेत्र के गांव सहासा निवासी आजाद राठौर, बरेली में गोकुल नगर नकटिया कॉलोनी निवासी विशाल शर्मा, ऊपरपारा नई बस्ती निवासी सिराज अहमद और सिविल लाइंस के आदर्श नगर निवासी राकेश कुमार बताए।
सभी दलालों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी कागजात तैयार करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई। देर रात तलाशी के दौरान कार से और भी सामान बरामद हुआ।
ट्रांसफर होकर आए अधिकारियों ने लगाए थे बरेली के दलाल
कपड़े गए दलालों में चार बरेली हैं। बताया जा रहा है कि ये दलाल अपने आप नहीं आए थे। उन्हें काफी समय पहले बरेली से ट्रांसफर होकर आने वाले अधिकारियों ने लगाया था। शुरुआत में ये दलाल अधिकारियों के साथ आया करते थे। जब उन अधिकारियों का ट्रांसफर हो गया तो ये यहीं के बनकर रह गए।
दूसरे दिन भी एआरटीओ कार्यालय पहुंचे अधिकारी
सिटी मजिस्ट्रेट ब्रजेश कुमार सिंह और सीओ सिटी आलोक मिश्रा दूसरे दिन बुधवार को भी एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यालय के बाहर का जायजा लिया, लेकिन कार्यालय के बाहर एक-दो लोग ही खड़े पाए गए। इससे अधिकारी बाहर से ही लौट गए।
मंगलवार को एआरटीओ कार्यालय के बाहर से पकड़े गए 14 दलालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उनके पास से काफी सामान बरामद हुआ है। बुधवार को सभी को जेल भेज दिया गया है। -आलोक मिश्रा, सीओ सिटी