वजीरगंज। थानाक्षेत्र के गांव रहेड़िया में टॉवर पर झंडा लगाने और उसे हटाने का मामला गरमा गया। इसमें दो पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव होने पर पुलिस ने बलवा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों पक्षों से 13 नामजदों के अलावा 12 अज्ञात लोगों को शामिल किया गया है। बवाल के दाैरान पुलिस को भी छिपकर अपनी जान बचानी पड़ी थी। शुक्रवार को ही पुलिस तीन लोगों को शांति भंग में चालान किया था।
शुक्रवार को टॉवर पर झंडा लगाने और एक दूसरे का झंडा उतार दिए जाने के मामले में दो पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। पुलिस ने प्रथम पक्ष से कुंवरपाल, मनोज कुमार, सुनील, सुरजीत, तेजवीर, वीरेंद्र, रवि, द्वितीय पक्ष से प्रदुम्न, सोनू गुप्ता, किशन, शैलेंद्र पाल, अनिल, रवि के अलावा 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा में मुकदमा दर्ज किया है। शुक्रवार को हुई इस घटना के तुरंत बाद तीन आरोपियों को शांति भंग में चालान किया गया था। घटना के समय चौकी इंचार्ज मनोज कुमार घटना स्थल पहुंच गए थे। दोनों पक्षों को झगड़ा शांत कराने को समझाया, लेकिन उपद्रवियों ने माहौल खराब कर दिया। पथराव के दौरान पुलिस वालों ने छिपकर जान बचाई। अब इस मामले को लेकर प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर पुलिस भी तैनात कर दी गई है। अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।