उझानी। तीन दिन पहले ट्रॉला की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो गई थी, जबकि युवती समेत दो साल का मासूम घायल हो गया था। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव युसूफनगर के विकास की ओर से दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक- पांच जनवरी की रात उनके भाई विजय और मां ममता देवी हाथरस से घर लौट रहीं थीं, तभी उन्हें ब्लॉक मुख्यालय के सामने सौतेली बहन भावना और दो वर्षीय भतीजा विध्यांश वाहन के इंतजार में सड़क किनारे खड़े मिल गए। बाइक साइड में खड़ी कर विजय और ममता भावना से बातें कर रहे थे, इसी दौरान सामने से ट्रॉला ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में विजय और ममता की इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी। भावना और विघ्यांश का इलाज चल रहा है।
आरोप है कि चालक बिना हार्न बजाए ही ट्रॉला को विपरीत दिशा में ले आया। चालक की लापरवाही की वजह से ही हादसा हुआ। प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जांएगी।
लोडर चालक की मौत के मामले में कैंटर चालक पर रिपोर्ट
बरेली-मथुरा हाईवे पर उझानी के गांव फूलपुर के पास चार जनवरी की रात दो वाहनों की भिड़ंत में अहीरटोला मोहल्ला निवासी लोडर वाहन चालक सुमित यादव की मौत हो गई थी। इस मामले में उनकी पत्नी अनीता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि हादसा कैंटर चालक की लापरवाही की वजह से हुआ था। इसके अलावा भदरौल रोड पर पिछले दिनों पिकअप की टक्कर से पलटे ई-रिक्शा के चालक भवेश के घायल होने के मामले में उनके भाई नझियाई मोहल्ला निवासी संजय ने पिकअप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।