बदायूं। सूफी संत हजरत अंसार हुसैन शाह के 19 वें उर्स का सोमवार को आगाज हो गया। तीन दिन तक चलने वाले इस उर्स में पहले दिन चादरों का जुलूस निकालकर मुल्क के अमन चैन की दुआ की गई। पटवा समाज ने हनुमान मंदिर पर सामाजिक सद्भाव की मिसाल पेश करते हुए जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया।
उर्स के मौके पर सूफी संत आश्रम खेड़ा नवादा पर महफिल शुरू हो गई, जिसका आगाज सोमवार को चादरों के जुलूस से हुआ। हजरत के निवास मोहल्ला खांडसारी से शुरू हुआ जुलूस छह सड़का, सब्जी मंडी, बड़ा बाजार, पथिक चौक होता हुआ नवादा पहुंचा, जहां चादरपोशी कर मुल्क और कौम की तरक्की की दुआ मांगी गई। इसकेे बाद मीलाद शरीफ का आयोजन किया गया। देर रात कव्वालियों की महफिल सजी। इधर पटवा समाज ने सराफा बाजार स्थित 84 घंटा हनुमान मंदिर पर सामाजिक सद्भाव की मिसाल पेश करते हुए चादर में शामिल सूफी फरहत हुसैन शाह, लियाकती उर्फ बब्बू मियां एवं अन्य लोगों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर प्रदीप पटवा, शिवम देवल, हंस देवल, कन्हैया मिश्रा, स्वराज रस्तोगी, नितिन रस्तोगी आदि मौजूद थे। तीन दिन तक चलने वाले उर्स में मंगलवार को कुल शरीफ का आयोजन किया जाएगा।