जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारी के अनुसार, जनपद में लगभग डेढ़ लाख घरेलू गैस उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी होना बाकी है। कंपनियों की ओर से लगातार उपभोक्ताओं से अपील की जा रही है कि वे समय रहते अपना सत्यापन पूरा कर लें। उपभोक्ता अपने नजदीकी गैस एजेंसी, सीएचसी केंद्र पर जाकर या ऑनलाइन पोर्टल/एप के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर का होना अनिवार्य है।
केवाईसी न होने से प्रभावित हो सकती है आपूर्ति
सत्यापन के दौरान उपभोक्ता के चेहरे का फोटो और ओटीपी के जरिए प्रमाणीकरण किया जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा ने बताया कि 23 अगस्त तक ई-केवाईसी न कराने वाले उपभोक्ताओं की सब्सिडी और गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इसलिए सभी उपभोक्ता जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लें।