पूरनपुर। रामलीला मेला में रावण वध की लीला का मंचन किया गया। रावण का पुतला भी जलाया गया। शनिवार को नगर में राजगद्दी शोभायात्रा निकाली जाएगी। 11 नवंबर से पांच दिवसीय रासलीमा रामलीला मेला मैदान पर शुरू होगी।
शुक्रवार को रामलीला मेला मंचन में दिखाया गया कि कुंभकरण, मेघनाथ का वध होने पर अहिरावण और रावण युद्ध को पहुंचते है। राम रावण के ऊपर कई बार वाण छोड़ते है। उसके सिर कटने के बाद फिर जुड़ जाते है। रावण के भाई विभीषण के इशारे में राम रावण की नाभि पर वाण मारकर उसका अंत कर देते है। रावण वध की लीला के बाद रामलीला मेला मैदान पर रावण का पुतला जलाया गया। पुतला जलते ही उसकी अस्थियां पाने वालों में होड़ मची। रामलीला मेला में रावण वध की लीला के मंचन को लेकर शुक्रवार को खरीददारों की खासी भीड़ रही। रामलीला मेला कंट्रोलर/तहसीलदार आशीष गुप्ता ने बताया कि राजगद्दी शोभायात्रा शनिवार को नगर में निकाली जाएगी। 11 नवंबर से रामलीला मेला मैदान में रासलीला शुरू होगी। जिसका समापन 15 नवंबर रात को होगा।