लंबी प्रतीक्षा के बाद जिला पूर्ति कार्यालय में 21 पात्रों को नए राशन कार्ड देकर नवीनीकृत राशन कार्डों के वितरण की शुरूआत कर दी गई है। डीएसओ सत्यदेव ने तीनों प्रकार के पात्रों को राशन कार्ड दिए। इसी के साथ जिले में ऑनलाइन राशन कार्ड की व्यवस्था भी शुरू हो गई है।
जिला पूर्ति कार्यालय पर 10 अंत्योदय, छह बीपीएल और पांच एपीएल श्रेणी के कुल 21 नए राशन कार्ड बांटा गया। चार साल तक उलझे रहे नवीनीकृत राशन कार्ड वितरण कार्यक्रम में विशेष उत्साह दिखा। इस कंप्यूटरीकृत राशन कार्ड को कोई भी कहीं भी देख सकता है। जानकारों के अनुसार पूरा राशन कार्ड वितरण करने में दो माह का समय लग सकता है। राशन कार्ड वितरण के समय कार्यालय के जितेंद्र कुमार, पुष्पेंद्र विक्रम, मीनू, किरन यादव आदि मौजूद रहे।
अप्रैल में खाद्य सुरक्षा के लिए भी मशक्कत
अप्रैल से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अभियान लागू होगा। इसमें गरीबों को सस्ता अनाज देने की योजना है। इस योजना को क्रियान्वयन के लिए राशन कार्ड होना अनिवार्य है। जिला पूर्ति कार्यालय अभियान को सफल बनाने के लिए नए राशन कार्ड वितरण कार्य में तेजी ला दी है। इसमें अंत्योदय और बीपीएल कार्ड वितरण को प्राथमिकता दी जाएगी।