बदायूं। रानी अवंतीबाई लोधी छात्रावास का स्थापना दिवस समारोह रविवार को नेकपुर मोहल्ले में मनाया गया।
संस्थान के संरक्षक केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि परामर्श समिति द्वारा अलीगढ़, आगरा, बुलन्दशहर, शाहजहांपुर, कासगंज समेत पांच जिलों में छात्रावास की नई शाखाएं खोलने का प्रस्ताव पारित किया गया है। कई स्थानों पर समाजसेवियों द्वारा भवन और भूमि भी उपलब्ध कराई जा चुकी है, जिससे शीघ्र ही इन क्षेत्रों के जरूरतमंद विद्यार्थियों को भी निशुल्क आवास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का लाभ मिल सकेगा।
कार्यक्रम में अतिथियों ने छात्रावास में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह छात्रावास सर्व समाज के लिए समर्पित है और पूरी तरह निशुल्क संचालित है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। समारोह में हुकुम सिंह देशराजन, एटा सदर विधायक विपिन कुमार डेविड, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, पूर्व विधायक डॉ. अनिता लोधी, पूर्व मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. बनवारी लाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में साहित्यकार अशोक खुराना की पंक्तियों दुनिया में सब चाहते करना निज उत्थान, परहित करना चाहते बिरले ही इंसान का उल्लेख करते हुए अतिथियों ने छात्रावास की पहल को समाजहित में एक अनुकरणीय कदम बताया।
बोले, पश्चिम बंगाल में भाजपा बनाएगी पूर्ण बहुमत की सरकार
बदायूं। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी चुनाव हारने जा रही हैं और उनके चेहरे पर हताशा साफ नजर आ रही है।
रविवार को शहर में लोधी छात्रावास के एक साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में पत्रकार वार्ता में केंद्रीय मंत्री ने ममता सरकार पर गुंडागर्दी और तानाशाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता इस शासन से परेशान हो चुकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशासन और एजेंसियां अपना काम ईमानदारी से करेंगी, चाहे ममता बनर्जी कितना भी ड्रामा कर लें। संवाद