भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृहमंत्री राजनाथ सिंह 16 अप्रैल को आ रहे हैं। वह सतेती गांव में भाजपा द्वारा आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे। इसे देखते हुए जिलाधिकारी शंभूनाथ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौमित्र यादव ने सतेती चौराहा स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का जायजा लिया।
मंगलवार को दोनों अधिकारी अपर जिलाधिकारी प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव, एसपी ग्रामीण बालेन्दु भूषण सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी दीपक सक्सेना, उप जिलाधिकारी बिल्सी विधान जायसवाल के संग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मंच, बैरीकेडिंग, पार्किंग के संबंध में अधीनस्थ अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। वीआईपी के लिए प्रवेश द्वार एवं पार्किंग स्थल अलग बनाने और आम जनता के लिए कम से कम दो प्रवेश द्वार बनाए जाने को कहा। बिल्सी, बदायूं एवं ग्राम सतेती की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमस्थल पर पर्याप्त पुलिस बल लगाते हुए सुरक्षा व्यवस्था चुस्त रखी जाए। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड एमके शर्मा, जल निगम के अधिशासी अभियंता आरके गुप्ता, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज जेपी सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ये है शिड्यूल
ग्राम सतेती निवासी सीमा चौहान और उनके सहयोगियों द्वारा सतेती चौराहे पर किसान महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। 16 अप्रैल को गृहमंत्री एक बजे बरेली हवाई अड्डे से बीएसएफ के हेलीकॉप्टर द्वारा डेढ़ बजे बदायूं पुलिस लाइन पहुंचेगे। 1.35 बजे कार से दो बजे बिल्सी तहसील के ग्राम सतेती चौराहे पर क्षति का निरीक्षण करेंगे। सवा तीन बजे कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान कर पौने चार बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पहुंचकर बरेली हवाई अड्डे के लिए प्रस्थान करेंगे।