बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव राजा की सीकरी में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध रूप से डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर 25 अगस्त को हुए बवाल को तीन माह हो गए। बवाल की विवेचना तीन अलग-अलग इंस्पेक्टरों को सौंपी गई, लेकिन घटना के लिए जिम्मेदार लोगों और पुलिस की भूमिका को लेकर जवाबदेही आज तक तय नहीं हो सकी। अब भी सवाल वहीं खड़ा है कि आखिर पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में इतना बड़ा बवाल कैसे हो गया और समय रहते हालात क्यों नहीं संभाले जा सके थे।
घटना के बाद फैजगंज बेहटा के तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष कुमार ने विवेचना की। बवाल से पहले स्थिति का अंदाजा नहीं लगा पाने और खुफिया तंत्र की नाकामी पर सवाल उठने के बाद उनसे विवेचना हटा दी गई थी और उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया था। दो सितंबर को जांच की जिम्मेदारी वजीरगंज इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार को सौंपी गई। इसके बाद नौ सितंबर को एक बार फिर विवेचना बदल दी गई।
इस बार वजीरगंज इंस्पेक्टर से जांच हटाकर बिसौली इंस्पेक्टर सर्वेंद्र कुमार शर्मा को सौंपी गई। इसकी वजह यह बताई गई थी कि अश्विनी कुमार बवाल के दिन मौके पर कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में तैनात थे और घटना के प्रत्यक्ष गवाह भी थे। निष्पक्षता बनाए रखने के लिए उन्हें विवेचना से अलग किया गया था।
पुलिस कर्मियों की भूमिका की जांच का भी था दावा
बवाल के बाद पुलिस अधिकारियों ने फैजगंज बेहटा थाने के कुछ पुलिस कर्मियों की भूमिका की जांच कराने की बात कही थी। सवाल यह भी उठा था कि जब गांव में प्रतिमा स्थापना को लेकर तनाव था तो समय रहते प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए। शासन स्तर से भी रिपोर्ट मांगी गई थी कि विवाद बवाल में कैसे बदला और किस स्तर पर लापरवाही हुई थी।
17 गिरफ्तारियों के बाद भी कई सवाल बाकी
मामले में दो केस दर्ज हुए थे। एक में 32 और दूसरे में चार लोगों को नामजद किया गया था। 17 सितंबर तक पुलिस 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन गिरफ्तारी और विवेचना की दिशा बदलने के बीच सबसे बड़ा सवाल अब भी यही है कि बवाल की पूरी साजिश और घटनाक्रम की जिम्मेदारी किसकी थी। तीन विवेचकों के बदलाव के बाद भी जांच किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंची हैं ।
बवाल प्रकरण में विवेचना जारी है। 17 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। कुछ अन्य की भूमिका की जांच कराई जा रही है। कई बिंदुओं पर जांच जारी है। - डॉ हृदयेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण