बदायूं। 25 दिन में तीन मासूमों और दो किशोरी को दरिंदों ने अपना शिकार बनाया। बच्चियों के साथ हो रही हैवानियत के मामलों की संख्या बढ़ने पर लोग अपनी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए हैं। तीन केस में बच्चियां घर के बाहर खेल रही थीं और उन्हें दरिंदे चीज दिलाने के बहाने उठाकर ले गए थे। ऐसे अपराधों को रोकने के लिए पुलिस प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अफसरों ने बताया कि मासूमों के खिलाफ हो रहे अपराधों को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके तहत बच्चियों को गुड और बैड टच के बारे में जानकारी दी जा रही है। स्कूल स्तर और मिशन शक्ति के तहत भी बच्चियों को गुड और बैड टच के बारे में बताया जा रहा है, ताकि अपराधियों को सजा दिलाने के साथ ही बच्चियों के प्रति हो रहे अपराधों को रोका जा सके।
बच्चियों के साथ हो रहे जघन्य अपराधों के मामलों में अपराधियों पर पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही स्कूल स्तर पर जागरूकता अभियान और मिशन शक्ति के तहत भी स्कूलों-कॉलेजों में बच्चियों को जागरूक किया जा रहा है। आगे इसको और प्रभावी तरीके से किया जाएगा। - अंकिता शर्मा, एसएसपी
केस 1
अलापुर क्षेत्र के एक गांव में चार साल की मासूम बच्ची के साथ 25 जून को रिश्ते के खालू अबरार ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। अबरार घर के सामने मेले में लगे झूले देख रही बच्ची को चीज दिलाने के बहाने अपने साथ लेकर चला गया था। गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर खेत में उसके साथ दुष्कर्म किया था। अगले दिन बच्ची के मिलने पर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया था। 28 जून को मुठभेड़ में आरोपी पकड़ा गया था।
केस 2
वजीरगंज क्षेत्र के एक गांव में आठ साल की कक्षा दूसरी की छात्रा के साथ 7 जून को दूसरे समुदाय के एक युवक ने गांव के बाहर सरकारी क्वार्टर में चीज दिलाने के बहाने दुष्कर्म किया था। ट्यूशन टीचर के आने पर आरोपी बच्ची को छोड़कर भाग निकला था। मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर आरोपी निजाकत अली को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
केस 3
उसावां क्षेत्र के एक गांव में तीन साल की बच्ची के साथ 12 जून को पड़ोस के युवक ने अगवा कर दुष्कर्म का प्रयास किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
केस 4
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी से आरोपियों ने पहले उसकी जाति पूछी। इसके बाद मक्के के खेत में खींच कर सामूहिक दुष्कर्म किया था। किशोरी के शोर मचाने पर गांव के लोगों के पहुंचने पर आरोपी भाग गए थे। एक आरोपी को 1 जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
केस 5
वजीरगंज थाना क्षेत्र में एक किशोरी को दूसरे समुदाय के आरोपी ने अपनी दुकान में खींचकर दुष्कर्म किया। किशोरी ने घर जाकर परिजनों को घटनाक्रम बताया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने केस दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 घंटे में ही आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।