बदायूं। जिले में लगातार हो रही बारिश ने शहर से लेकर हाईवे तक जनजीवन प्रभावित कर दिया। पिछले दो दिन में जिले में 59 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। लगातार हुई बारिश से शहर की जलनिकासी व्यवस्था की हकीकत भी सामने आ गई। कई मोहल्लों और प्रमुख सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हुई। शहर की सड़कें कई स्थानों पर तालाब जैसी नजर आईं। वहीं, हाईवे पर जलभराव होने से वाहनों को निकलने में परेशानी हुई। इस दौरान हाईवे पर गौरीशंकर मंदिर के पास जाम लग गया।
बारिश के कारण शहर के नेकपुर, शिवपुरम, गांधी ग्राउंड, जोगीपुरा सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई बाइक, स्कूटी, ई-रिक्शा पानी में बंद हो गए, जिससे लोगों को उन्हें धक्का लगाकर बाहर निकालना पड़ा।
स्कूल, कार्यालय और बाजार जाने वाले लोगों को भी काफी परेशानी हुई। कई जगह सड़क और नाली का अंतर दिखाई न देने से लोग गिरते-गिरते बचे। मोनेश सिंह, श्याम सिंह ने बताया कि हल्की बारिश में भी इन इलाकों में जलभराव की समस्या बन जाती है, लेकिन इस बार लगातार दो दिन की बारिश ने हालात और खराब कर दिए हैं।
लगातार बारिश का असर बाजारों की गतिविधियों पर भी दिखाई दिया। सुबह और दोपहर के समय बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ रही। दुकानदार सुरेश गुप्ता, संदेश शर्मा ने बताया कि जलभराव और रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण ग्राहकों की संख्या कम रही।
पानी भर जाने से एमएफ हाईवे पर लगा जाम
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद (एमएफ) हाईवे पर शहर स्थित गौरीशंकर मंदिर के पास सड़क पर पानी भर जाने से यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। पानी के बीच से धीरे-धीरे वाहन निकालने के कारण लंबा जाम लग गया। कार, बस और ट्रक रेंगते हुए आगे बढ़े, जबकि कई छोटे वाहन चालकों ने वैकल्पिक मार्गों का सहारा लिया। शहर के प्रमुख चौराहों पर भी यातायात का दबाव बढ़ने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक समय लगा। बारिश के दौरान कई स्थानों पर वाहन फंसने से स्थिति और बिगड़ गई।
अभी दो दिन और होगी बारिश
आईएमडी के अनुसार, दो दिन और इसी प्रकार का मौसम बना रहेगा। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकेगी। तापमान और काम होने की संभावना है।
जोगीपुरा में सड़क पर भरे पानी में बंद हुए ई-रिक्शा को खींचकर ले जाते लोग।संवाद- फोटो : katra news
जोगीपुरा में सड़क पर भरे पानी में बंद हुए ई-रिक्शा को खींचकर ले जाते लोग।संवाद- फोटो : katra news
जोगीपुरा में सड़क पर भरे पानी में बंद हुए ई-रिक्शा को खींचकर ले जाते लोग।संवाद- फोटो : katra news
जोगीपुरा में सड़क पर भरे पानी में बंद हुए ई-रिक्शा को खींचकर ले जाते लोग।संवाद- फोटो : katra news