लालकुआं से कानपुर के अनवरगंज और रामनगर से मथुरा समेत लालकुआं तक जल्द ही नई तीन जोड़ी स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू होगा। रेलवे ने इसके लिए समय सीमा तय कर दी है। लालकुआं-अनवरगंज एक्सप्रेस चार अगस्त से शुरू होकर 30 दिसंबर तक चलेगी। इसके विपरीत रामनगर-मथुरा और मथुरा-लालकुआं के बीच दो जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन ज्यादा दिन तक नहीं होगा लेकिन इससे इस दौरान यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। रेलवे ने यह कदम त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर उठाया है। बरेली-कासगंज रूट पर इस समय पांच जोड़ी ट्रेनों का नियमित संचालन हो रहा है। इनमें दो जोड़ी फास्ट पैसेंजर के अलावा साप्ताहिक रामनगर-आगरा एक्सप्रेस ट्रेन है। इसके अलावा रामनगर-बांद्रा भी चल रही है। बरेली-कासगंज के बीच ब्राडगेज लाइन बनने के बाद व्यापारियों की ओर से भी काफी समय से ट्रेनों की संख्या में वृद्धि की मांग की जाती रही है। पूर्वोत्तर इज्जतनगर मंडल से मिली जानकारी के मुताबिक, रेलवे ने जिन तीन जोड़ी स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन का शेड्यूल जारी किया है, उनमें लालकुआं-अनवरगंज एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में तीन बार, रामनगर से मथुरा और मथुरा से लालकुआं को आने-जाने वाली दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें सप्ताह में दो बार चलेंगी। तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का किसी भी हॉल्ट पर स्टॉपेज नहीं होगा। लालकुआं-अनवरगंज एक्सप्रेस लालकुआं की ओर से सोमवार, शुक्रवार और शनिवार तो अनवरगंज की ओर से इन्हीं तीनों दिनों में लालकुआं को निकलेंगी। यह ट्रेन चार अगस्त से 30 दिसंबर तक है। इसी तरह चार अगस्त से 29 सितंबर तक रामनगर-मथुरा एक्सप्रेस सप्ताह में दो बार शुक्रवार और रविवार को रामनगर से जबकि मथुरा से शनिवार और सोमवार को चलेगी, इसी प्रकार मथुरा-लालकुआं एक्सप्रेस पांच अगस्त से 30 सितंबर तक शनिवार और सोमवार को चलेगी। सूत्रों की मानें तो तीन जोड़ी स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों में लालकुआं-कानपुर को नियमित भी किया जा सकता है। लालकुआं-मथुरा ब्राडगेज लाइन पर पहली स्पेशल ट्रेन है।