मशीन के साथ की गई थी छेड़छाड़, पूरे दिन पंप मालिकों में हड़कंप
जिले में डीएम अनिता श्रीवास्तव के निर्देश पर पेट्रोलियम पदार्थों की घटतोली को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को एसडीएम विधान जायसवाल के नेतृत्व में टीम ने बिजनौर-बदायूं हाईवे पर स्थित गांव नरैनी पर लगे एचपी कंपनी देव फिलिंग स्टेशन और बिल्सी बाईपास के रिंकू फिलिंग स्टेशन पर छापा मारा गया। नरैनी पेट्रोल पर मशीन के साथ छेड़छाड़ का प्रकरण सामने आया है। इस पर एसडीएम ने उच्चाधिकारियों को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी है। टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र के पंप मालिकों में पूरे दिन खासा हड़कंप मचा रहा।
एसडीएम ने सबसे पहले देव फिलिंग स्टेशन नरैनी पर छापा मारा। यहां लगी चार नोजिलों का बारीकी से परखा। इसमें मशीन संख्या 1011पी0264 में देखा गया कि चिप लगाने वाले स्थान पर सोल्डरिंग पाई गई। इससे प्रतीत होता है कि मशीन के साथ छेड़छाड़ की गई। एसडीएम ने पंप के मालिक के खिलाफ 3/7 के तहत कार्रवाई किए जाने की संस्तुति कर रिपोर्ट डीएम को भेजी है। इसके बाद बिल्सी बाईपास स्थित रिंकू पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया गया। यहां लगी सभी नौजिल कार्यरत मिले। डिस्पैसिंग यूनिट भी सही मिली। निरीक्षण के दौरान पंपों की वीडियोग्राफी भी कराई गई। किसी तरह कोई चिप नहीं मिली। टीम में पूर्ति निरीक्षक राहुलदीप गुप्ता, बाट-माप निरीक्षक विमल कुमार, विक्रय अधिकारी एचपीसीएल धीरज चाहर, टेक्नीशियन रवींद्र सिंह, सय्यद हुसैन, महेेेश मीना, कोतवाल अमित कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।