उझानी। अब्दुल्लागंज में विकास कार्यों को लेकर शिकायतों और अडंगेबाजी का मामला कोतवाली पुलिस तक पह़ुंच गया है। आरोप है कि प्रधान रामप्रकाश को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने प्रधान की ओर से पुष्पेंद्र चौबे और रामाशंकर मिश्रा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतों की शुरूआत करीब छह महीना पहले कन्या प्राथमिक विद्यालय की भूमि को लेकर हुई थी। गांव के पुष्पेंद्र चौबे उर्फ कल्लू और रामाशंकर मिश्रा ने आरोप लगाया था कि विद्यालय की भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। पुष्पेंद्र के शिकायती पत्र पर डीएम ने बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी शशांक शुक्ला से जांच कराई थी। बताते हैं कि विकास कार्यों को लेकर भी अफसरों से शिकायतें की गई थीं। इसे लेकर प्रधान रामप्रकाश और पुष्पेंद्र के बीच ठन गई थी।
इस पूरे मामले में प्रधान रामप्रकाश ने पिछले दिनों पुलिस को अवगत करा दिया। आरोप है कि पुष्पेंद्र और रामाशंकर गांव में चल रहे विकास कार्यों में अड़ंगा डाल रहे हैं। पिछले दिनों पुष्पेंद्र समेत दोनों को समझाने की कोशिश की गई तो वह बिफर पड़े। दोनों ने प्रधान को जान से मारने की धमकी दी। प्रधान की ओर से पुलिस को तहरीर भी सौंप दी गई। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रधान की तहरीर पर पुष्पेंद्र और रामाशंकर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना दरोगा सुनील शर्मा को सौंपी गई है। इधर, नामजदों में पुष्पेंद्र का कहना है कि कार्रवाई शिकायतों की जांच शुरू हो जाने के बाद की गई है। प्रधान को कार्रवाई का डर सता रहा है।