गोवंश के गले में रेडियम का पट्टा पहनाते नगर मंत्री राहुल। स्रोत:स्वयं
- फोटो : संवाद
बदायूं। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिवार और बजरंग दल की ओर से गोवंश की सुरक्षा के लिए पहल की गई है। नगर मंत्री राहुल के नेतृत्व में संगठन पदाधिकारियों ने गोवंश के गले में रेडियम युक्त पट्टा पहनाने का कार्य शुरू किया। इस अभियान का उद्देश्य है कि रात के अंधेरे में सड़क पर घूमते गोवंश दूर से ही दिखाई दें, ताकि वाहन चालकों को सावधानी बरतने का समय मिल सके और दुर्घटनाओं से बचाव हो।
नगर मंत्री राहुल ने बताया कि सड़कों पर टहलते गोवंश अंधेरे में दिखाई नहीं देते। इससे हादसों की संभावना बढ़ जाती है। रेडियम युक्त पट्टा लगे होने से रोशनी पड़ते ही वह चमक उठेगा। इससे गोवंश दूर से साफ नजर आएंगे और हादसों में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान अभी शुरुआती स्तर पर है, लेकिन इसे निरंतर जारी रखा जाएगा। संगठन का संकल्प है कि जिले के अधिक से अधिक गोवंश को रेडियम पट्टा पहनाकर उनकी सुरक्षा की जाएगी। नगर मंत्री ने शहर से लेकर अलापुर रोड, ककराला रोड पर यह अभियान चलाया गया।