हाईकोर्ट का फैसला आने से उत्साहित विधायक आबिद रजा ने कहा
सड़क, गाय और गंगा को लेकर राष्ट्रपति, राज्यपाल से मिलेंगे
अंडरग्राउंड विद्युत लाइन डालने के लिए शहर की सड़कें खोदने के मामले में हाईकोर्ट के फैसले को सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आबिद रजा ने सच की जीत बताया। उन्होंने कहा कि परदेसी बाबू के साथ तो केवल सरकार है, लेकिन उनके साथ अल्लाह, अदालत, सच और जनता की ताकत है। इसी वजह से उनके पक्ष में फैसला आया। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने 10 अगस्त को सुनाए फैसले में चार करोड़ 49 लाख 12 हजार 110 रुपये का भुगतान नगर पालिका परिषद को करने और सड़कों को एक सप्ताह में सही कराने का दिया था। उत्तर प्रदेश प्रदेश इलेक्ट्रिसिटी रेग्यूलरटी कमीशन को इसकी समीक्षा करने का निर्देश दिए हैं।
विधायक रजा ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के नौ दिन बीत चुके हैं। इसलिए कोर्ट के आदेश की अवहेलना की शिकायत भी कोर्ट में की जाएगी। रजा ने कहा कि उन्होंने प्रमुख सचिव ऊर्जा से मोबाइल से बात की है। उन्हें मानकविहीन तरीके से विद्युत केबल डालने के बारे में अवगत कराया गया। यह केबल डालने मानक के अनुसार एक मीटर से गहराई में डालनी चाहिए, लेकिन इसे केवल एक फीट की गहराई में डाला जा रहा है, जिससे शहर बारूद के ढ़ेर पर खड़ा हो रहा है। केबल डालने की गुणवत्ता को भी हाईकोर्ट में ले जाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गाय और गंगा पर संघर्ष जीत हासिल होने तक जारी रहेगा। राष्ट्रपति और राज्यपाल से मिलकर इस मामले से अवगत कराया जाएगा, क्योंकि यह मामला परदेसी बाबू और जिले की जनता की भलाई से जुड़ा है। राष्ट्रपति और राज्यपाल से उन्होंने वक्त मांगा है। इसके साथ ही रजा ने जल्द ही एक और बड़ा राजनीतिक विस्फोट करने का इशारा भी किया।