दहगवां क्षेत्र में एक खेत में निकले अजगर को देखते ग्रामीण। संवाद
दहगवां । जरीफनगर थाना क्षेत्र के कस्बा दहगवां निवासी रामकिशोर के खेत में 15 फिट लंबा अजगर देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंची और वन विभाग की टीम को सूचना दी। देर शाम अजगर को वन विभाग के हवाले कर दिया गया।
गांव सिर्सा खुर्द के रहने वाले रामकिशोर रविवार की शाम को ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे थे कि अचानक एक अजगर निकलकर बाजरे के खेत में घुसने लगा। यह देख वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौजूद लोगों ने बाजरा के खेत में घुस रहे अजगर को पकड़ लिया और खाली खेत में ले आये। घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। इस बीच अजगर ने कुत्ते पर हमला बोल दिया। यह देख ग्रामीणों का पसीना छूट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अजगर मिलने की सूचना वन विभाग की टीम को दी। दो घंटे बाद पहुंची वन विभाग की टीम अजगर को अपने साथ ले गई।