राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत 1640 गांव में से अब तक एक भी गांव में विद्युतीकरण का कार्य शुरू न होने पर सीडीओ देवेंद्र सिंह कुशवाहा ने नाराजगी जताई। साथ ही तेवर सख्त करते हुए बैंगलोर की कंपनी पेस पावर सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध शासन को पत्र भिजवाने के निर्देश देते हुए विद्युत लिंक लाइन का कार्य संतोषजनक न पाए जाने पर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता के विरुद्ध भी कार्रवाई करने की बात कही।
विकास भवन के सभाकक्ष में शनिवार को सीडीओ श्री कुशवाहा ने विकास कार्यों की मासिक समीक्षा की। कहा, वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है और अब तक एक भी गांव में विद्युतीकरण प्रारंभ नहीं हुआ है। जो गंभीर है। उन्होंने इस संबंध में जब विद्युत विभाग के अभियंता से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि मात्र तीन दिन पहले ही संबंधित कंपनी द्वारा जिला स्तर पर अपना कार्यालय स्थापित किया गया है, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि इसे जल्द शुरू कराया जाए। इसके अलावा मनरेगा, सीसी निर्माण, कब्रिस्तान की चाहरदीवारी निर्माण आदि कार्यों की भी समीक्षा की।