बदायूं। जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार ने मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कलक्ट्रेट में बैठक की। इसमें बताया कि नामांकन 12 से 19 अप्रैल तक कलक्ट्रेट स्थित जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय कक्ष में पूर्वाह्न 11 से अपरान्ह तीन बजे तक होंगे। 13, 14 और 17 अप्रैल को सार्वजनिक अवकाश है, लिहाजा इन तिथियों में नामांकन नहीं होंगे।
उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के प्रत्याशी के लिए एक प्रस्थापक व निर्दलीय प्रत्याशी के लिए 10 प्रस्थापक लाने होंगे। जमानत राशि सामान्य वर्ग के उम्मीदवार के लिए 25,000 व आरक्षित वर्ग के लिए 12,500 रुपये होगी। सी-एक से सी-आठ प्रारूप में आपराधिक इतिहास देना होगा। एक बार में नामांकन कक्ष में पांच व्यक्ति ही प्रवेश कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सुविधा एप के माध्यम से विभिन्न अनुमतियां प्राप्त की जा सकती हैं। सी विजिल एप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई सकती है। अगर किसी उम्मीदवार के पास कोई सरकारी भवन है तो उसका नो ड्यूज भी देना होगा। नामांकन का प्रपत्र 26 ध्यान पूर्वक पढ़कर भरें। नामांकन के दौरान बचत खाता खोलकर चेक बुक समय से ले लें। उम्मीदवार के फोटो साफ व एक जैसे होने चाहिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त वैभव शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रेनू सिंह आदि मौजूद रहीं। संवाद