बदायूं। उझानी ब्लॉक की आशा वर्कर ने बुधवार को एमओआईसी उझानी सीएचसी डॉ. महेश प्रताप सिंह के खिलाफ मालवीय आवास पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि एमओआईसी के रहते आशा वर्कर का ड्यूटी करना मुश्किल हो गया है।
उझानी ब्लॉक की आशा वर्कर एमओआईसी के खिलाफ पिछले करीब डेढ़ महीने से आंदोलन कर रही हैं। इस मामले को लेकर आशा वर्कर उझानी में अधिकारियों की गाड़ियों के आगे लेट गई थीं। इस पर संज्ञान लेते हुए डीएम कुमार प्रशांत ने एडीएम वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में चार सदस्यों की कमेटी बनाकर जांच कराई थी। कमेटी ने अपनी जांच रिपोर्ट में एमओआईसी को हटाने की सिफारिश की थी। बावजूद अब तक एमओआईसी के खिलाफ कार्रवाई न होने से आशा वर्कर नाराज हैं। उन्होंने दो दिन पहले नगर विकास राज्यमंत्री महेश गुप्ता और इससे पहले सीएमओ डॉ. यशपाल सिंह को ज्ञापन दिया था। बुधवार को मालवीय आवास पर धरना देकर एमओआईसी को हटाने की मांग की। इसमें आशा संगिनी कल्पना देवी, सुशीला, शिवानी, अंजली, मुन्नी देवी, राजवती, स्नेहलता, गीता, मीना देवी आदि रहीं।