सामाजिक संस्था जमीयतुल आइम्मा की निगरानी में हयूमन वेलफेयर दिल्ली से तशरीफ लाए इस्लाम अंसारी ने रमजान की अहमियत के नाम से एक जलसे का आयोजन किया। इसमें करीब दो सौ परिवारों को रमजान के मौके पर घरेलू सामान और खाद्य सामग्री वितरित की गई।
नगर के मोहल्ला नवादा स्थित मदरसे पर आयोजित जलसे को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व चैयरमेन उर्दू एकेडमी, उत्तर प्रदेश मौलाना डा. यासीन अली उस्मानी ने रमजान की अहमियत व फजीलत पर तफसील से रोशनी डाली। इस इमदादी प्रोग्राम को सराहा और इसमें अपना भी सहयोग देने का वायदा किया। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को देश की एकता व गंगा-जमुनी तहजीब के लिए असरदार बताया। तहसीलदार नानक सिंह ने खाद्य सामग्री वितरित करते समय अपने निजी कोष से भी मदद की। अंत में आइम्मा के सदर हाफिज इरफान ने सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया। साथ ही आगे ऐसे इमदादी प्रोग्राम कराने में भरपूर सहयोग की अपील की। कोतवाल अशोक कुमार सिंह, हाजी अली हुसैन, कारी फरीदुज्जमा, हाफिज रफीक अहमद, कारी खलीकुर्रहमान, हकीम नासिर, सलीम अंसारी, जमीरूल हसन, डा. मुहम्मद अहमद, अमीरूल हसन, कारी तौसीफ, पप्पू, कारी असलम, सरबर अंसारी, हाफिज अजमल आदि मौजूद रहे।