बदायूं। राजकीय महाविद्यालय में वाणिज्य विषय के प्राध्यापक नहीं होने से बीकॉम और एम कॉम के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों की इस समस्या को देखते हुए शासन के सेवा संकल्प अभियान के तहत बरेली से प्रोफेसर डॉ. पंकज अग्रवाल को बुलाया गया है। वह 15 और 16 अक्तूबर को महाविद्यालय में विशेष व्याख्यान देकर विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे।
राजकीय महाविद्यालय में वाणिज्य विषय के प्राध्यापक का पद खाली होने के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होने से बीकॉम और एम कॉम के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऐसे में विद्यार्थियों को विषय संबंधी जानकारी और शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेष व्याख्यान आयोजित किए जा रहे हैं।
इसके लिए बरेली से प्रोफेसर डॉ. पंकज अग्रवाल को आमंत्रित किया गया है। वह 15 और 16 अक्तूबर को महाविद्यालय पहुंचकर वाणिज्य विषय से संबंधित व्याख्यान देंगे। इससे विद्यार्थियों को विषय की पढ़ाई में मदद मिलने की उम्मीद है।