मेडिकल कॉलेज में जांच पड़ताल करते इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई व अन्य पुलिस कर्मी, मौके पर परिजन।संव
बदायूं। बिल्सी के गढ़ी गांव की रहने वाली सरोजिनी पत्नी सोनू का आरोप है कि नौ माह की गर्भवती पत्नी को शनिवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। रविवार को सरोजिनी ने पुलिस को सूचना दी कि उसका नवजात लापता है। पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। परिजनों का कहना है कि स्टाफ ने बताया कि वह सरोजिनी को शौच को लेकर गए थे और उसका बच्चा गटर में गिर गया। फिलहाल, इस मामले में थाना सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।
सरोजनी का कहना है कि पति बाहर रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। शनिवार को जब उसको प्रसव पीड़ा हुई तो वह अन्य परिजनों के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंची जहां महिला डॉक्टर ने उसको भर्ती कर लिया। आरोप है कि प्रसव के बाद रविवार को शौच के लिए दो स्टाफ नर्स उसको लेकर गईं। शौच करने के बाद जब वह बाहर आई तो बच्चा नहीं था। नर्सों ने बताया कि उसका बच्चा गटर में गिर गया है। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई पहुंच गए। मामले की छानबीन की । पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के अभिलेख देखे और लौट गई। इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई का कहना है कि अभिलेखों में प्रसव होने की कोई बात नहीं है। जब प्रसव नहीं हुआ है तो बच्चा गटर में कैसे गिर सकता है। वहीं, राजकीय मेडिकल के प्राचार्य डॉ. एनसी प्रजापति का कहना है कि महिला यहां आई थी। प्रसव नहीं हुआ और परिजन उसको लेकर कहीं चले गए। जो आरोप लग रहे हैं वह निराधार हैं। संवाद