बदायूं के कादरचौक मेला में पहुंचा टेंट का सामान। संवाद
कादरचौक। रुहेलखंड के मिनी कुंभ के नाम से पहचान रखने वाले मेला ककोड़ा की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अश्वनी कुमार शर्मा को दी गई है। उन्हें मेला ककोड़ा का कोतवाल बनाया गया है। 17 नवंबर से मेला क्षेत्र में पुलिस की विभिन्न इकाइयां सक्रिय हो जाएंगी।
तंबुओं का शहर बसाने के लिए छह ट्रक टेंट का सामान पहुंच चुका है। बिजली व्यवस्था के लिए भी सामग्री आने लगी है। मेला क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए मेला परिसर में पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी। फायर ब्रिगेड, अश्व पुलिस, फ्लड पीएसी और जोन की पुलिस भी तैनात रहेगी।
गंगा स्नान के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस के लिए महत्वपूर्ण चुनौती रहेगी। दीपावली की छुट्टियों के कारण जिला पंचायत के कर्मचारी मेला स्थल पर नहीं पहुंचे, जिससे दो दिन तक तैयारियों का काम ठप रहा। दीपावली पर गंगा किनारे भी दीप जलाए गए। श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर दीप प्रज्ज्वलित कर पर्व मनाया।
सोमवार को एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, सीओ राहुल पांडेय और एसओ विक्रम सिंह मेला स्थल का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। इधर, एसपी सिटी ने बताया कि ककोड़ा मेला कोतवाल अश्वनी कुमार शर्मा को बनाया गया है।