बदायूं। धनतेरस के दूसरे दिन रविवार को भी बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। आभूषण, वाहन, बर्तन, कपड़े, इलेक्ट्रानिक्स और अन्य सामान्य मिलाकर दो दिन में कुल 180 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। आज मुहूर्त के अनुसार घरों, पूजा स्थलों और संस्थानों में पूजन के साथ दिवाली मनाई जाएगी।
शुभ मुहूर्त में लोगों ने धनतेरस के दूसरे दिन भी चांदी के लक्ष्मी-गणेश, सिक्के, सोने-चांदी के आभूषण आदि की खरीदारी की। दिवाली के दिन चांदी के लक्ष्मी-गणेश पूजन की परंपरा है। ऐसे में लक्ष्मी-गणेश की छाप वाले सिक्कों की मांग अधिक रही। सराफा बाजार के जानकारों का मानना है कि शनिवार को 70 करोड़ रुपये की खरीदारी हुई थी। रविवार को 80 करोड़ रुपये के गहने खरीदे गए। दोनों दिनों को मिलाकर 160 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है।
सोने व चांदी के सिक्कों के अलावा स्वर्णाभूषणों की लोगों ने जमकर खरीदारी की। तमाम लोगों ने बजट के अनुसार अन्य आभूषण भी खरीदें। ग्राहकों ने हर प्रकार के आभूषणों की खरीदारी में अपनी रुचि दिखाई। इस पर दोनों दिन को मिलाकर बाजार 160 करोड़ के आसपास कारोबार हुआ है। -सूर्य प्रकाश वैश्य, अध्यक्ष सराफा एसोसिएशन बदायूं
पांच करोड़ के इलेक्ट्रॉनिक आइटम बिके
आहूजा इलेक्ट्रॉनिक्स के वरुण आहूजा के अनुसार शनिवार की अपेक्षा रविवार को बाजार अच्छा रहा। लोगों ने खूब खरीदारी की। अगर दोनों दिन के कारोबार की बात करें तो इस बार पांच करोड़ से अधिक के इलेक्ट्रॉनिक आइटम बिके हैं। जो बाजार के लिहाज से काफी बेहतर है। हम लोगों ने जो उम्मीद लगाई थी। वैसा ही रिजल्ट आया है।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में 15 करोड़ का कारोबार
शहर से लेकर ग्रामीण अंचल के अधिकांश लोगों ने भी शोरूमों पर आकर अपनी पसंद के वाहन खरीदे। किसी ने बाइक तो किसी ने स्कूटी खरीदी। हालांकि कुछ लोगों ने कार-जीप भी खरीदीं। इस बार शनिवार के मुकाबले रविवार को काफी संख्या में बाइक की ब्रिकी हुई। शनिवार को पांच करोड़ के वाहन बिके। जीएस हीरो के प्रोपराइटर अनमोल गुप्ता के अनुसार रविवार को भीड़ ज्यादा रही। दो दिनों में करीब 15 करोड़ के कारोबार का अनुमान है।
बाइक के शोरूम पर खड़ी बाइक। संवाद- फोटो : BADAUN
इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर खरीदारी करते लोग। संवाद- फोटो : BADAUN
सराफा की दुकान पर खरीदारी करते लोग। संवाद- फोटो : BADAUN