जिला अस्पताल का बर्न वार्ड। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। दिवाली पर आतिशबाजी से होने वाले हादसों के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों में अलर्ट जारी किया है। जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी स्तर तक इमरजेंसी में बेड रिजर्व कर दिए हैं। डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। दवाओं के साथ अन्य संसाधनों की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर ली गई है।
सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय का कहना है कि प्रमुख बाजारों और कस्बों में चिह्नित स्थानों पर एंबुलेंस की तैनात रहेगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की छुट्टियां निरस्त कर उनको ऑनकॉल उपलब्ध रहने को कहा है। सर्जन और नेत्र रोग विशेषज्ञ लगातार उपलब्ध रहेंगे। फिजीशियन ऑनकॉल ड्यूटी पर रहेंगे। सीएचसी स्तर पर दस-दस बेड आरक्षित किए गए हैं। बर्न वार्ड अलग से तैयार किया गया है।
आतिशबाजी के समय सावधानी रखें
जिला अस्पताल में तैनात फिजीशियन डॉ. शिव मोहन कमल का कहना है कि पटाखा छोड़ते समय जरा सी असावधानी नुकसान पहुंचा सकती है। झुलस जाने पर घबराएं नहीं। शरीर के जले हुए हिस्से को 10 से 15 मिनट तक ठंडे पानी में रखें और इसके बाद तत्काल डॉक्टर को दिखाएं। शरीर के जले हुए हिस्से में गोबर, कीचड़ या राख बिल्कुल नहीं लगाना चाहिए। बेहतर होगा दीपावली पर सिर्फ इक्रो फ्रेंडली पटाखे इस्तेमाल करें। ज्वलनशील पदार्थों जैसे पेट्रोल, केरोसिन और एलपीजी से दूर रह कर ही पटाखे छोड़ें।