बदायूं। डीएम अवनीश राय ने 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर बुधवार को अफसरों के साथ कलक्ट्रेट स्थित सभागार में बैठक की। उन्होंने कहा कि योग प्रत्येक मनुष्य के मानसिक, शारीरिक व बौद्धिक विकास में सहायक होते हैं। इसके प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही बताया कि 15 से 21 जून तक योग सप्ताह मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र में योग सप्ताह और योग दिवस को आयोजन भव्य रूप से कराएं। इसके लिए योग गुरुओं से बात कर लें। शासन की मंशा के अनुसार ही इसका आयोजना होना चाहिए। सीडीओ केशव कुमार ने बताया कि इस वर्ष 11 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इसकी थीम ‘योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ रखी गई है। बताया कि 15 से 21 जून तक योग सप्ताह में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में किया जाएगा। 21 जून को पुलिस लाइन में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव शर्मा, एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, नगर मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार पाल आदि थे।
-
बैठक में योग दिवस की तैयारियों पर की चर्चा
सहसवान। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर समग्र विकास सेवाश्रम के द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इसकी तैयारियों को लेकर बुधवार को आदर्श जूनियर हाई स्कूल जहांगीराबाद में बैठक हुई। बताया गया कि योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर प्रमोद इंटर कॉलेज में 20 से 27 जून तक प्रात: पांच बजे से नौ बजे तक लगेगा। असाध्य रोगों, बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास के लिए विशेष योग क्रियाएं भी कराई जाएंगी। उपमा, सोमेश, विकास, अवनी, उषा जौहरी, प्रकाश जौहरी, हेमन्त, रामौतार, डॉ. शिवचरण लाल, संजीव, आराम सिंह आदि ने प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया। अध्यक्षता प्रेम स्वरूप आचार्य ने की। शिविर संयोजिका डॉ. सविता मालपाणी ने जनमानस से शिविर में हिस्सा लेने की अपील की। संवाद