प्रदेश में 36 विधान परिषद सदस्यों के लिए निर्वाचन होगा। उनका कार्यकाल 15 जनवरी को समाप्त हो चुका है। जिला निर्वाचन अधिकारी शंभूनाथ ने बताया कि विधान परिषद चुनाव के लिए आठ फरवरी को अधिसूचना जारी होगी। नाम निर्देशन के लिए 15 फरवरी की तिथि निर्धारित है। 16 फरवरी नामांकन पत्रों की जांच होगी। जबकि 18 को नाम वापसी हो सकेगी। तीन मार्च को प्रात: आठ बजे से पूर्वाह्न चार बजे तक मतदान होगा और छह मार्च को मतगणना होगी। नौ मार्च तक निर्वाचन पूर्ण कर लिया जाएगा।
ब्लाक प्रमुख के चुनाव में लगेंगे कैमरे
बदायूं। क्षेत्र पंचायत प्रमुख के निर्वाचन और मतगणना के समय जिन्हें सुरक्षा प्राप्त है वह मतदान और मतगणना स्थल के भीतर नहीं जा सकेंगे। हर तरह की गतिविधि पर नजर रखने को सीसीटीवी लगेंगे।
इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग के विशेष कार्याधिकारी जयप्रकाश सिंह की ओर से सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि क्षेत्र प्रमुख पंचायत पद का निर्वाचन बहुत महत्वपूर्ण है। स्वतंत्र, निष्पक्ष,पारदर्शी और शांतिपूर्ण निर्वाचन कराना आयोग का दायित्व है। सात फरवरी को मतदान और मतगणना होगी। मतदान और मतगणना के संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। मतदान स्थल के बाहर और भीतर सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की जाएगी। कहा कि मतदान और मतगणना परिसर में मतदाताओं (सदस्य क्षेत्र पंचायत) के द्वारा मोबाइल लेकर जाना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। मतदान और गतगणना स्थल के प्रवेश द्वार पर ही तलाशी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी ताकि कोई मतदाता मोबाइल लेकर प्रवेश न कर सके। यह भी कहा है कि कोई भी सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति सांसद, विधायक अन्य जनप्रतिनिधि या किसी भी दल के संगठन के पदाधिकारी मतदान और मतगणना स्थल के भीतर प्रवेश नहीं करेंगे। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी ने भी आयोग के निर्देश का पालन करने को सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है।