बदायूं। दातागंज थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर निवासी रामबाबू की पत्नी पुष्पा मंगलवार शाम अपने घर पर थीं। बच्चे पड़ोस में खेल रहे थे। तभी बच्चों का आपस में झगड़ा हो गया। बात बड़ों तक पहुंची तो दोनों ओर से मारपीट होने लगी। मारपीट में पांच माह की गर्भवती पुष्पा के पेट में लात लगने से बेहोश हो गईं। डॉक्टर ने ऑपरेशन कर बच्चा निकाला तो वह मरा हुआ था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
रामबाबू ने बताया है कि बच्चों के विवाद की शिकायत करने मंगलवार शाम छह बजे पत्नी पुष्पा पड़ोसी के घर पर गई थीं। शिकायत सुनने के बाद पडा़ेसियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में उसके पेट में लात मार दी। पेट में लात लगने के बाद पांच माह की गर्भवती पुष्पा बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें उठाकर घर लाए। हालत बिगड़ने पर पुष्पा जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी जिस पर पुलिस ने बच्चे के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर अरिहंत सिद्धार्थ का कहना है कि पोस्टमार्टम कराने को परिजनों ने लिखकर दिया था। कार्रवाई के लिए तहरीर मिलेगी तो उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।