पांच माह से गायब किशोर तेजस। स्रोत-स्वयं
मां और मामा के नहीं थम रहे आंसू, पुलिस कह रही- बच्चे की तलाश में लगी है टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। पांच महीने पहले मामा के घर से अपहृत 10 वर्षीय बालक का पुलिस अब तक सुराग नहीं लगा सकी है। बेबस मां और मामा को रोते-रोते पांच महीने हो गए, लेकिन पुलिस बच्चे की तलाश में टीम लगी होने का दिलासा भर दे रही है। परिवार ने अब फिर एसएसपी को पत्र देकर बच्चे की तलाश कराने की गुहार लगाई है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मीरा सराय निवासी बीज व्यापारी जमुना प्रसाद उर्फ छोटू की चचेरी बहन की शादी दिल्ली में ही हुई थी। पति ने बहन को परेशान किया तो जमुना प्रसाद आठ साल पहले बहन को अपने घर ले आए। तब से वह यहीं उनके पास रह रहीं हैं। उनके 10 वर्षीय बेटे तेजस सागर का जमुना प्रसाद ने शहर के एक स्कूल में दाखिला करा दिया।
तेजस 13 अगस्त 2023 को अचानक घर से गायब हो गया। पहले तो परिजनों ने रिश्तेदारियों और मिलने-जुलने वालों के यहां तेजस की तलाश की, लेकिन कहीं कोई पता न चलने पर मामा जमुना प्रसाद ने सिविल लाइंस थाने में अज्ञात के खिलाफ तेजस के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने शुरू में तो बच्चे को तलाशने में दिलचस्पी ली, लेकिन बाद में ढील डाल दी।
वर्जन
बच्चे के पास कोई मोबाइल फोन नहीं है। टीम लगातार उसकी तलाश कर रही है। होटलों से लेकर हर जगह तलाश किया जा रहा है। कोशिश है कि जल्द किशोर को तलाश कर परिजनों को सौंप दिया जाए। - गौरव विश्नोई, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस