बदायूं। डीडीओ के फटकारने से गश खाकर गिरे नूरपुर पिनौनी के प्रधान की हालत में अब सुधार है। चंदौसी के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। अब प्रधान के बेटे ने डीडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर डीएम से मुलाकात की है। डीएम ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस्लामनगर विकास खंड के गांव नूरपुर पिनौनी के प्रधान राधेश्याम गिरि के बेटे राजीव गिरि ने डीएम अवनीश राय को शिकायती पत्र दिया। उन्होंने आरोप लगाया है कि जांच को नाम पर उनके पिता को धमकाया गया। उनसे दो लाख रुपये मांगे गए। इससे वह गश खाकर गिर गए। चंदौसी में उनका इलाज चल रहा है। उसने बताया कि डीडीओ से कई प्रधान परेशान हैं। आरोप लगाया कि कई आरोप के बाद भी उनको पीडी परियोजना निदेशक का अतिरिक्त भार सौंप दिया गया है। डीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। संवाद
डीडीओ का है विवादों से पुराना नाता
डीडीओ अजय प्रताप सिंह का विवादों से पुराना नाता है। यह पहले भी जिले के डीडीओ के पद पर तैनात रहे। उस समय भ्रष्टाचार के आरोप लगे और जांच हुई तो शासन ने कार्रवाई करते हुए उनको हटाया गया था। कुछ ही सालों बाद ही उन्होंने फिर से यहां तैनाती करा ली है।
पूर्व के जिलों में भी दर्ज हो चुके मुकदमे
जिला विकास अधिकारी अजय प्रताप सिंह पर हरदोई व बलरामपुर में तैनाती के समय भ्रष्टाचार करने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुए हैं। वह आज भी विचाराधीन है। साथ ही मिर्जापुर व अयोध्या में भी केस चल रहे हैं।
बिना अनुमति जारी किया था भर्ती का विज्ञापन
-डीडीओ ने दो माह पहले ही शासन की बिना अनुमति के ही आउटसोर्सिंग के तहत सीपीओ तकनीकी सहायक और लेखा सहायक के 88 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया गया। मामले को शासन ने संज्ञान में लिया और उनको दोषी करार देकर प्रतिकूल प्रविष्टि दी। प्रधान के बेटे राजीव कुमार गिरी का आरोप है कि पिता के साथ इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रधान के परिवार ने मुलाकात की है। उनके शिकायती पत्र की जांच सीडीओ को दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- अवनीश राय, डीएम