फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नागरिकता संसोधन कानून के विरोध में सपा का प्रदर्शन, छावनी बना कचहरी-लालपुल रोड

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में सपा के प्रदर्शन को देखते हुए बृहस्पतिवार को पुलिस-प्रशासन सुबह से ही मुस्तैद रहा। कचहरी के सामने से ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया। कलक्ट्रेट समेत आसपास के इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। कचहरी से लेकर लालपुल तक का इलाका पूरी तरह सील रहा। दोपहर करीब एक बजे पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और नागरिकता संशोधन कानून और बदहाल कानून व्यवस्था के विरोध में राष्ट्रपति के नाम सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार को ज्ञापन सौंपा। देर शाम तक सड़कों पर पुलिस मुस्तैद रही।
विज्ञापन

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में बृहस्पतिवार को सपा के प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने पहले से तैयारियां कर ली थीं। लालपुल की ओर से शहर में आने वाले ट्रैफिक को पूरी तरह से मेडिकल कॉलेज से बाईपास पर डायवर्ट कर दिया गया। पार्टी कार्यालय और निवर्तमान जिलाध्यक्ष आशीष यादव के आवास, जिला अस्पताल के पास से जाने वाले रास्ते पर भी फोर्स तैनात कर दिया गया। दोपहर करीब 12 बजे से सपाइयों का निवर्तमान जिलाध्यक्ष के आवास के पास जमा होना शुरू हो गए। करीब एक बजे पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव यहां पहुंचे तो सपाइयों ने नागरिकता संशोधन कानून और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे। पुलिस ने जिला पंचायत गेट के पास वाले कलक्ट्रेट गेट पर ही इनको रोक दिया। पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव समर्थकों के साथ गेट पर ही बैठ गए। यहां सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार ने सपाइयों से ज्ञापन लिया। इस मौके पर पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह यादव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष आशीष यादव, फख्रे अहमद शोबी, लड्डन कादराबादी, मोहम्मद मियां, मोतशाम सिद्दीकी आदि थे।
सपाइयों से ज्यादा पुलिस फोर्स, ड्रोन कैमरों से निगरानी
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में दरगाह आलिया कादरिया के आह्वान पर सपा का विरोध प्रदर्शन था। विरोध प्रदर्शन राजनीतिक होने के चलते पुलिस-प्रशासन का रुख भी बदला हुआ नजर आया। सिर्फ कलक्ट्रेट परिसर को ही छावनी में तब्दील नहीं किया गया, बल्कि कलक्ट्रेट की ओर आने वाले रास्तों पर भी बैरिकेडिंग कर दी गई थी। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड को भी बुला लिया गया। जब सपाई कलक्ट्रेट पहुंचे तो वहां सपाइयों से कहीं ज्यादा पुलिस फोर्स नजर आ रहा था। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही थी। दोपहर दो बजे के बाद कलक्ट्रेट और आस-पास के इलाके में हालात सामान्य हो सके।
विज्ञापन

लेखपालों के धरने में पहुंचे पूर्व सांसद
विरोध प्रदर्शन के बाद पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव मालवीय आवास पर चल रहे लेखपाल संघ के धरना में भी पहुंचे। अचानक अपने बीच धर्मेंद्र यादव को पाकर लेखपाल भी हैरान रह गए। धरना स्थल पर करीब दस मिनट रुकने के दौरान पूर्व सांसद ने लेखपालों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि सपा सरकार के आने के पर लेखपालों की मांगों को पूरा किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें