बदायूं। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट प्रयोगात्मक परीक्षा शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में होगी। बोर्ड कार्यालय ने (15 व 16 जुलाई) दो दिन के अंदर प्रयोगात्मक परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। इसकी ओएमआर शीट 19 जुलाई तक क्षेत्रीय कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए हैं।
यूपी बोर्ड ने मुख्य परीक्षा कराने से पहले प्रयोगात्मक परीक्षाएं सभी जिलों में कराई थीं, लेकिन कुछ छात्र-छात्राएं प्रयोगात्मक परीक्षा में प्रतिभाग नहीं कर सके थे। ऐसे छात्र-छात्राओं से माध्यमिक शिक्षा परिषद ने ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। अब उनकी प्रयोगात्मक परीक्षा की तिथि परिषद ने तय कर दी है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय सचिव ने निर्देश दिए हैं कि मुख्य परीक्षा की तरह ये भी सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई जाए। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए प्रोजेक्टर आधारित प्रयोगात्मक परीक्षा व आंतरिक मूल्यांकन संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य की ओर से कराई जाएगी।
पांच परीक्षक किए बोर्ड कार्यालय ने नियुक्त
-क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय की ओर से प्रयोगात्मक परीक्षा कराने के लिए पांच परीक्षक नियुक्त किए हैं। इन परीक्षकों सुबह 10 बजे से संबंधित छात्र-छात्राओं की प्रयोगात्मक परीक्षा लेंगे। इसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायो, भूगोल, विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा होगी। इसमें राजाराम महिला इंटर कॉलेज, जीआईसी, श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज के पांच शिक्षकों को परीक्षक नियुक्ति किया गया है।
-इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए पांच शिक्षकों की सूची बोर्ड कार्यालय ने भेजी। यह पांचाें शिक्षक जीआईसी में 15 व 16 को प्रयोगात्मक परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में लेंगे।
डॉ. प्रवेश कुमार, डीआईओएस