मोहल्ला नसरूल्लागंज में पिछले एक सप्ताह से ठप पड़ी विद्युत आपूर्ति से गुस्साए नागरिकों ने मुख्य चौराहे पर जाम लगाकर बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम से यातायात बाधित हो गया। फिर भी विद्युत विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसको लेकर नागरिकों में काफी गुस्सा देखा गया।
नसरूल्लागंज में अज्ञात वाहन द्वारा विद्युत पोल तोड़ दिए जाने के कारण पिछले एक सप्ताह से विद्युत आपूर्ति बंद पड़ी है। गर्मी के मौसम में नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों से कई बार कहने पर पोल तो लगा दिए गए। मगर पोल लगने के कुछ घंटे बाद ही सप्लाई चालू होने पर लाइन नीचे आ गिरी, जिस कारण विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। विभाग के अधिकारियों ने फिर कोई प्रयास नहीं किए। बुधवार को गुस्साए नागरिकों ने बाजार के मुख्य चौराहे पर जाम लगाकर बिजली विभाग के अधिकारियों को कोसा। जब कोई अधिकारी नहीं आया तो खुद ही उन्होंने जाम खोल दिया।