कादरचौक। विद्युत उपकेंद्र कादरचौक को जोड़ने वाली 33केवीए विद्युत लाइन का तार टूटने से मंगलवार रात दो बजे से 77 गांवों में अंधेरा हो गया। इससे कासगंज जिला के गांव हिम्मतनगर बझेरा से रामसहाय नगला तक 21 गांव और बदायूं जिला के 56 गांवों की सप्लाई ठप हो गई।
कस्बा के तमाम सरकारी संस्थानों में विद्युत सप्लाई न होने से कार्य बाधित हुए। सबमर्सिबल ठप होने से पानी की समस्या पैदा हो गई। चार्ज न होने के कारण ई-वाहन भी नहीं चल सके। ग्रामीण क्षेत्र के मोबाइल फोन और इन्वर्टर भी चार्ज नहीं हो सके। 13 घंटे बाद शाम तीन बजे विद्युत सप्लाई चालू हो सकी तो ग्रामीणों ने राहत महसूस की।
यहां बता दें कि कादरचौक उपकेंद्र को उझानी से सप्लाई लाइन मिलती है जो काफी लंबी पड़ती है। इसमें फॉल्ट होने के कारण क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इधर, अधिशासी अभियंता सत्येंद्र प्रकाश गौतम ने बताया कि 33केवीए लाइन में फॉल्ट आ गया था। अब लाइन चालू कर दी गई है। बारिश की वजह से दिक्कत आई थी।
ट्रांसफॉर्मर फुंकने से संभल का गांव कलेथा एक माह से अंधेरे में
- प्रधान के साथ बदायूं के जरीफनगर उपकेंद्र पहुंचे ग्रामीण, दिया ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
दहगवां। जरीफनगर उपकेंद्र से सीमावर्ती संभल जिला के कुछ गांवों में भी बिजली सप्लाई होती है। वहां के ग्राम कलेथा में ट्रांसफॉर्मर फुंकने के कारण एक माह से बिजली आपूर्ति ठप है। इस गांव की करीब 2000 आबादी है। 150 से भी अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। बुधवार को ग्रामीण प्रधान के साथ विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे और जेई को ज्ञापन दिया।
कलेथा के ग्रामीणों ने बताया कि गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए 25-25 केवीए के दो ट्रांसफॉर्मर लगे हुए हैं, जो अत्यधिक भार के कारण एक माह पूर्व फुंक गए। पूरा गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। वे इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों के चक्कर काट चुके हैं। संभल के अधिकारियों को कहना है कि बदायूं उपकेंद्र से ही उनकी समस्या का समाधान होगा।
उनका कहना है कि संभल जिला के लगभग 36 गांवों में आज भी बिजली सप्लाई विद्युत बदायूं के उपकेंद्र जरीफनगर से की जा रही है। उन्हें बदायूं और संभल के बीच उलझाया जा रहा है। बुधवार कलेथा के ग्रामीण, प्रधान भावना गुप्ता तथा उनके प्रतिनिधि गौरव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में बदायूं के जरीफनगर विद्युत उपकेंद्र (मध्यांचल) पर पहुंचे और एसडीओ सहसवान के नाम संबोधित ज्ञापन टेक्नीशियन ग्रेड-टू संदीप कुमार को दिया। उन्होंने जल्द ही ट्रांसफॉर्मर बदलवाए जाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर गौरव कुमार गुप्ता, ज्ञानेंद्र कुमार, रूपकिशोर, टीकाराम, भगवान सिंह, रोहित कुमार, रामेश्वरम सिंह आदि शामिल रहे।
10 घंटे बाधित रही बिजली की आपूर्ति
सैदपुर। कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती में 11 हजार की लाइन का तार रात में टूटने से पूरे मोहल्ले की आपूर्ति बाधित रही। इसके अलावा मोहल्ला गिरधरपुर में ट्रांसफॉर्मर में तकनीकी खराबी के कारण भी आपूर्ति कुछ समय के लिए ठप हो गई थी। जेई जसवीर सिंह ने बताया कि बारिश में तकनीकी खराबी को दूर करना संभव नहीं था। बारिश रुकने पर आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। संवाद
स्कूल की बिजली बहाल न होने पर करेंगे आंदोलन, जेई को सौंपा ज्ञापन
बदायूं। ब्लॉक दहगवां के उच्च प्राथमिक विद्यालय कोठा में बिजली व्यवस्था सुचारू न होने के मामले को लेकर राष्ट्रीय भ्रष्टाचार दमन परिषद भारत ने विद्युत निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कार्यकर्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र नाधा पहुंचकर जेई को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने 72 घंटे में बिजली व्यवस्था बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
परिषद के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव ने कहा कि उच्च प्राथमिक विद्यालय कोठा में अब तक बिजली कनेक्शन और विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से चालू नहीं हो सकी है। बिजली के अभाव में विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत निगम के जेई से मांग की कि स्थायी विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी होने तक तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से विद्यालय में बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्य प्रभावित न हों। संवाद
राष्ट्रीय भ्रष्टाचार दमन परिषद के पदााधिकारियों ने विद्युत विभाग के जेई को ज्ञापन सौंपा। स्रोत