बदायूं। जिले में 57 करोड़ रुपये से बिजली व्यवस्था बिजनेस प्लान शुरू होने के बाद अब विद्युत निगम की ओर से व्यवस्था को और दुरुस्त करने के लिए करीब 27 करोड़ रुपये का एडिशनल बिजनेस प्लान का प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया है। प्लान की मंजूरी मिलने के बाद जिले में ओवरलोडिंग की समस्या को कम करने के 350 से अधिक ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता में वृद्धि की जाएगी। साथ ही 87 नए ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे। विद्युत उपकेंद्रों पर लोड कम करने के लिए दो विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता दोगुनी की जाएगी।
गर्मी में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत निगम की ओर से वर्ष 2026-27 में बिजनेस प्लान के तहत ओवरलोडिंग को खत्म करने का प्रयास किया जाएगा। जिले में 57 करोड़ की धनराशि के कार्य कराने के लिए मंजूरी मिल गई है। इसके कार्य के टेंडर होने के बाद कार्य भी शुरू हो गए हैं। इसके बाद बचे हुए कार्य को देखते हुए निगम को विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है।
जिसके लिए आसफपुर और रिसौली विद्युत उपकेंद्र की क्षमा पांच एमवीए से 10 एमवीए की जाएगाी। साथ ही ग्रामीणों में क्षेत्रों में जर्जर तारों को ठीक करने के एडिशनल बिजनेस प्लान तहत 19 किमी की 33 केवी लाइन, 138 किमी की 11 केवी लाइन तथा 98 किमी लंबी एलटी लाइन का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है।
बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए बिजनेस प्लान के तहत 57 करोड़ के कार्य शुरू हो गए हैं। वहीं बचे हुए कार्यों के लिए एडिशनल प्लान के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया गया है। इससे बिजली व्यवस्था में काफी सुधार हो जाएगा और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। -अजय कुमार, अधीक्षण अभियंता