बदायूं। भीषण गर्मी से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिजली कटौती ने दिन का चैन और रात की नींद उड़ा दी है। शहर में सुबह तीन से चार घंटे की बिजली कटौती हर रोज की जा रही है। देहात क्षेत्र में स्थिति और खराब है। शनिवार को नेकपुर, शिवपुरम, आवास विकास, नई सराय, विजय नगर सैय्यदगंज समेत अधिकांश मुहल्लों में बिजली न आने से लोग परेशान रहे। इससे करीब एक लाख लोग प्रभावित हुए। बिजली न आने के कारण रात में लोग बाहर टहलते नजर आए।
सूख रही है कि किसानों की फसल
दहगवां। बिजली कटौती से फसल सूख रही है। गांव डेल के किसान धर्मेंद्र ने बताया कि फसलें सूख रही हैं। नलकूपों को बिजली नहीं मिल पा रही है। विद्युत निगम के अधिकारियों की लापरवाही से नदायल फीडर अक्सर ब्रेकडाउन में रहता है। नदायल फीडर से नदायल, पावड़, सुझावली, मालपुर, पड़रिया, रामपुर सहित लगभग 15 गांवों में बिजली की आपूर्ति होती है। इन गांवों में दो से तीन घंटा ही सप्लाई मिल रही है। भीषण गर्मी के बीच लोग परेशान हैं।
लो वोल्टेज से बढ़ी परेशानी
कछला। नगर में पिछले तीन महीनों से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। सभासद वीरेंद्र कश्यप ने बताया कि लो वोल्टेज के कारण बिजली का कोई भी उपकरण काम नहीं कर रहा है। मीटर 80-100 वोल्टेज ही दिखाता है। प्रवीण सूर्यवंशी ने बताया कि कछला नगर में बिजली का 20 घंटे का शेड्यूल है। मुश्किल से 10 घंटे ही बिजली मिलती है, वह भी लो-वोल्टेज रहती है। कम वोल्टेज के कारण अनेक उपकरण खराब हो रहे हैं। लाइनमैन शफी ने बताया कि लोड अधिक है। इसलिए लो वोल्टेज की समस्या है। बारिश होने के बाद लो वोल्टेज की समस्या का समाधान हो सकेगा।
भीषण गर्मी में बिजली ने रुलाया, जनता में आक्रोश
मुजरिया। भीषण गर्मी में बिजली की आपूर्ति बाधित होने से जनता में आक्रोश है। अलीगंज, कोल्हाई, भुजपुरा, रफीनगर, समसपुर बल्लू, छोकरपुर, जीजाहट, बिचौला सहित दर्जनों गांवों में बिजली की सप्लाई चार या पांच घंटे ही मिल पा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न मिलने से ट्यूबवेल नहीं चल पा रहे हैं।
रैपुरा गांव का फीडर खराब, 14 दिन से ग्रामीण परेशान
बिसौली। रैपुरा गांव का फीडर खराब होने के कारण 14 दिनों से गांव में बिजली नहीं मिल रही है। गांव वाले बिजली न मिलने के कारण गर्मी में बेहद परेशान हैं। विद्युत निगम के दफ्तर पहुंचे कमालपुर गांव के लोगों को कहना है कि ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर फुंक जाने से सिंचाई का काम ठप है। बिल जमा करा दिया, इसके बावजूद ट्रांसफार्मर ठीक नहीं किया गया है। मोहराम, श्यामवीर, बबलू आदि किसानों ने विद्युत निगम के अधिकारियों को ट्रांसफार्मर जल्दी ठीक कराए जाने की मांग की है।