उघैती (बदायूं)। रविवार देर शाम उघैती कस्बे में आलू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉॅली ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के दौरान वे हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने दोनों के शव मोर्चरी में रखवा दिए हैं।
थाना क्षेत्र के ग्राम टिटौली निवासी महेश (30) पुत्र रामकुंवर मकान बनाने का काम करता था। वह रविवार देर शाम उघैती से काम करके बाइक पर घर लौट रहा था। उसकी बाइक पर गबरू (30) पुत्र बाबूराम और अजय (27) पुत्र बाबूराम भी बैठे थे। बताते हैं कि ये दोनों उसके साथ बेलदारी का काम रहे थे। इस दौरान वह हेलमेट नहीं लगाये थे। रास्ते में उनकी बाइक उघैती कस्बे में पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंची थी कि तभी आलू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉॅली ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें राजमिस्त्री महेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गबरू और अजय गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को देखकर कुछ दूर मौजूद लोग दौड़े। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉॅली को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसका चालक ट्रैक्टर-ट्रॉॅली को दौड़ा ले गया। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया, जहां डॉक्टर ने गबरू को मृत घोषित कर दिया। अजय का इलाज शुरू कर दिया गया है। उसकी भी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
दो बाइक की भिड़ंत में छह लोग घायल
म्याऊं । उसावां थाना क्षेत्र में साड़ी गांव के पास दो बाइक आपस में टकरा गईं, जिसमें छह लोग घायल हो गए। उसावां क्षेत्र के गांव गूरा बरेला निवासी पानसिंह (38) पुत्र सियाराम, अंकित (12) पुत्र देवकी प्रसाद, स्वाति (8) पुत्री पान सिंह दावत खाने मूसाझाग जा रहे थे। दूसरी बाइक पर परमेश्वर दयाल पुत्र चन्द्रपाल निवासी कलान क्षेत्र के गांव सथरी और राजकुमारी (25) पत्नी कुंवरपाल, ब्रजमोहन (7) निवासी गढ़िया रामनगर सवार थे। हादसे में सभी लोग घायल हुए हैं। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया है।