बदायूं। फैजगंज बेहटा कस्बे के वार्ड नौ निवासी एक युवक ने फिलिस्तीन के समर्थन में फेसबुक पेज पर एक पोस्ट शेयर की। इस पर विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी आक्रोशित हुए। पदाधिकारियों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रहीं है।
विहिप के प्रखंड उपाध्यक्ष अनुराग सिंह, खंड अध्यक्ष सोहनलाल व प्रखंड मंत्री शुभम पाराशरी ने फैजगंज बेहटा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वार्ड नौ निवासी एक युवक ने अपने फेसबुक पर फिलिस्तीन के समर्थन में एक पोस्ट शेयर की है। इस पोस्ट से लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। पदाधिकारियों ने युवक के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है। फैजगंज बेहटा एसओ रमेंद्र सिंह ने बताया कि युवक को बुलाया गया है। पोस्ट में कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।