बदायूं। जिला महिला अस्पताल की अव्यवस्था और गंदगी से लोगों को राहत मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल परिसर की सफाई कराई।
लंबे समय से कैंटीन ब्लॉक और चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय के बाहर कूड़े के ढेर लगे थे। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। रैन बसेरे की दुर्दशा और बदबू ने मरीजों की पीड़ा और बढ़ा दी थी। खबर सामने आने के बाद सीएमएस शोभा अग्रवाल के निर्देश पर अस्पताल की टीम ने अभियान चलाकर जगह-जगह पड़े कूड़े को उठवाया और पूरे परिसर को स्वच्छ कराया। सफाई होने से मरीजों और परिजनों ने राहत की सांस ली। सीएमएस ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार पत्राचार करने के बावजूद सफाई नहीं कराई जाती है जिससे दिक्कतें बढ़ती हैं। उन्होंने साफ कहा कि मरीजों की सुविधा को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने स्वयं सफाई कराई है। समस्या से जुड़ी खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया और समाधान हुआ।
नगर पालिका प्रशासन को कई बार पत्राचार किया। कॉल के माध्यम से अवगत कराया लेकिन इसका लाभ नहीं मिला। सामान्य कूड़ा तो नगर पालिका प्रशासन की जिम्मेदारी है लेकिन उनकी ओर से लापरवाही की जा रही है। -शोभा अग्रवाल, सीएमएस