जिलाधिकारी ने म्याऊं ब्लाक में नए प्रधानों को प्रशिक्षण में दिए कई टिप्स
जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी ने कहा है कि शासन की समस्त योजनाओं, कार्यक्रमों की सम्पूर्ण जानकारी होने पर ही ग्राम प्रधान अपने दायित्वों को बेहतर अंजाम दे सकते हैं। इसलिए प्रधान दृढ़ इच्छा शक्ति रखते हुए योजनाओं की पूर्ण जानकारी हासिल करें और अपनी अपनी ग्राम पंचायतों में दिल खोल कर विकास कराएं जनता में वह लोकप्रिय ग्राम प्रधान बन जाएंगे।
जिलाधिकारी त्रिपाठी ने शुक्रवार को ब्लाक म्याऊं में आयोजित नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों का ही जीवन में विशेष महत्व है। बेहतर स्वास्थ्य पर ही विकास कार्य कराएं जा सकते हैं। उन्होंने महिला ग्राम प्रधानों से भी अपेक्षा की कि वह अपने पति पर निर्भर न रहते हुए योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और विकास कराएं तभी महिला सशक्तिकरण का उद्देश्य कारगर सिद्ध होगा।
सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया ने विभिन्न योजनाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। जन्म के समय दो किलो सौ ग्राम से कम वजन के बच्चे अतिकुपोषित होते हैं। जागरूकता और प्रयास से यदि गर्भावस्था मेें ही स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहा जाए तो कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कुपोषण का मुख्य कारण खुले में शौच को जाना भी है। प्रदेश स्तरीय आकड़ों के अनुसार अब भी 58 प्रतिशत परिवार खुले में शौच करते है और यही गंदगी विभिन्न कारणों से पेट में जाने पर बीमारियों को जन्म देती है और बच्चे कुपोषण का शिकार हो जाते हैं।
सीडीओ ने उसावां में लिया भाग
बदायूं। सीडीओ ने ब्लाक उसावां में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी भाग लिया और आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सक्रिय भागीदारी से पंचायतों के विकास में प्रगति आएगी।
हर ब्लाक में पांच-पांच पंचायतें होंगी चिह्नित
बदायूं। कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी ब्लाकों में सबसे अधिक कुपोषित, अतिकुपोषित बच्चों वाली पांच-पांच ग्राम पंचायतों का चिह्नीकरण कर संबंधित सीडीपीओ का लक्ष्य निर्धारित करते हुए जिम्मेदारी तय की जाएगी। वह अपनी ग्राम पंचायतों के गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को निर्धारित दिवस के अनुसार पोषण पुर्नवास केंद्र में भर्ती कराएं। जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय स्थित पोषण पुर्नवास केंद्र में दस बेड की संख्या में भी इजाफा कराने को कहा है।
सलारपुर, वजीरगंज में प्रशिक्षण आज
बदायूं। राज्य पोषण मिशन के तहत नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों को दो अप्रैल शनिवार को ब्लाक सालारपुर और वजीरगंज में प्रशिक्षण दिया जाएगा। दोनों ब्लाकों में आयोजित प्रशिक्षण में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी प्रताप सिंह भदौरिया स्वयं ग्राम प्रधानों के बीच पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर सहयोग की अपील करेंगे।