बदायूं। नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि अब मेरा नारा ‘आराम नहीं काम होगा भ्रष्टाचार नहीं विकास होगा’ है। स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है तभी हमारा देश स्वच्छ हो सकेगा।
शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री की भी यही धारणा है कि देश प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ हो। स्वच्छ भारत अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में सरकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। बोले- मैं स्वयं सफाई करने को तैयार हूं। पालिकाध्यक्ष से भी बात की है और सभी सभासदों के साथ एक बैठक भी की, जिसमें सभी के विचार लिए गए। उन सुझावों के आधार पर मैं भी स्वयं किसी न किसी वार्ड में मौजूद रहूंगा। सभी सभासदों से कहा है कि रविवार के दिन साफ-सफाई को लेकर अपने-अपने वार्डों में लोगों को जागरूक करें। उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को 11 बजे वह बुद्धिजीवियों के साथ कार्यक्रम करेंगे जो अनुच्छेद 370 हटने के उपलक्ष्य में होगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य, विश्वजीत गुप्ता, आशीष शाक्य, अंकित मौर्य, सुधीर श्रीवास्तव आदि भी मौजूद रहे।
भाजपा कार्यालय पर मनाया बंसल का जन्मदिन
बदायूं। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के संगठन महामंत्री सुनील बंसल का पार्टी कार्यालय पर जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने बंसल के चित्र पर तिलक लगाया। इस अवसर पर जिला सह चुनाव प्रभारी मनोज कश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य, हरप्रसाद सिंह पटेल, रविंद्र पाल सिंह, सुधीर श्रीवास्तव, अशोक भारती, नीरज, आकाश वर्मा आदि उपस्थित रहे।