मूसाझाग/ गुलड़िया (बदायूं)। गांव उतरना में मंगलवार को मूसाझाग पुलिस ने एक परिवार पर जमकर कहर बरपाया। एक सिपाही के कहने पर थाने की जीप में पुलिस वाले गांव जा धमके। आरोप है कि पुलिस वालों ने घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों को जमकर पीटा। इसमें घायल दो किशोरियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना का वीडियो वायरल होने पर एसपी सिटी जितेंद्र श्रीवास्तव ने गांव जाकर पूरे मामले की जानकारी ली। उनकी रिपोर्ट पर एसएसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया।
उतरना गांव के सत्यपाल का मंगलवार को गेहूं निकला था। दोपहर करीब एक बजे वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से गेहूं लेकर घर पहुंचे। ट्रॉली घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान मूसाझाग थाने का सिपाही काले उधर गुजरा। उसने सत्यपाल से ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाने को कहा। सत्यपाल ने खाली साइड से बाइक निकालने को कहा। इस बात पर सिपाही गाली-गलौज करने लगा। उसने मोबाइल पर कॉल करके थाने से फोर्स बुला लिया। एसओ ललित भाटी फोर्स के साथ गांव जा पहुंचे। सत्यपाल का आरोप है कि पुलिस ने घर में घुसकर उसकी पत्नी लज्जावती, बेटी शिवाली (17) और शिवानी (16) को लाठियों से पीटा। पिटाई से शिवाली और शिवानी बेहोश हो गईं। मारपीट करने के बाद पुलिस गांव से चली गई। गांव के लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर घायल मां-बेटी को जिला अस्पताल भेजा। मूसाझाग पुलिस की इस हरकत से गांव के लोगों में रोष है। हालांकि, सत्यपाल की ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। किसी ने इस घटना का वीडियो वायरल कर दिया। इसका पता लगने पर एसपी सिटी जितेंद्र श्रीवास्तव ने गांव पहुंच कर पड़ताल की।
सिपाही ने हमला करने की दी झूठी सूचना
मामूली बात को सिपाही काले ने तूल दे दिया। गांव के लोगों का कहना है कि सिपाही ने थाने में फोन करके गांव में खुद पर हमला होने की बात कही थी। इसी के चलते इतनी तादात में फोर्स गांव पहुंचा। एसओ ललित भाटी, एसआई सुनील कुमार ने बिना जांच पड़ताल के ही सत्यपाल के घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी।
मैंने गांव पहुंच कर मामले की जानकारी जुटाई तो पता चला सड़क पर ट्रॉली खड़ी थी। दूसरी ओर दुकान थी। उसी ट्रॉली को हटाने के चक्कर में सिपाही की हॉटटॉक हुई। बाद में थाना पुलिस पहुंची थी। मैंने मामले की जांच कर एसएसपी को रिपोर्ट सौंप दी है। बाकी कार्रवाई वहीं से होगी। - जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी
मूसाझाग के अंतर्गत एक गांव में एक सिपाही और एक होमगार्ड लॉकडाउन का अनुपालन करने के लिए गश्त पर थे। उसी दौरान जनता के बीच में कुछ कहासुनी हुई और सिपाही के द्वारा वहां पर लाठी से मारपीट की गई। मौके पर तत्काल एसपी सिटी को भेजा गया। उन्होंने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की है। प्रथम दृष्टया सिपाही की गलती पाए जाने पर उसको तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसके विरुद्घ विभागीय कार्रवाई की जा रही है। - अशोक कुमार त्रिपाठी, एसएसपी