बदायूं। बुधवार को बदायूं पहुंचे एडीजी अविनाश चंद्र ने पुलिस लाइन में आयोजित सैनिक सम्मेलन और क्राइम मीटिंग में भाग लिया। उन्होंने होली और पंचायत चुनाव को लेकर जिले की सुरक्षा व्यवस्था जानी। उन्होंने कहा कि शातिर अपराधियों को जेल पहुंचाएं। गैंगस्टर, माफिया, पुरस्कार घोषित अपराधियों पर कार्रवाई करें।
एडीजी अविनाश चंद्र ने सबसे पहले सैनिक सम्मेलन में भाग लिया। इसमें उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों की समस्याएं सुनीं। प्रशिक्षण के बारे में जानकारी की। बाद में क्राइम मीटिंग लेते हुए उन्होंने पंचायत चुनाव, होली, शब-ए-बारात के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था देखी। उन्होंने शस्त्र जमा किए जाने के संबंध में दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गैंगेस्टर, माफिया, वांछित, पुरस्कार घोषित अपराधी, अवैध शस्त्र, अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघनता से चेकिंग करें।
क्राइम मीटिंग के बाद उन्होंने सिविल लाइंस थाने का निरीक्षण किया। इसमें उन्होंने बैरिक, मैस, अपराध रजिस्टर और महिला हेल्प डेस्क को चैक किया। संतरी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को निर्देश दिए। इसके बाद एडीजी आमगांव के बूथ पहुंचे। उन्होंने यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए ग्रामीणों के साथ मीटिंग की। गांव का हाल चाल लिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इस दौरान एसएसपी संकल्प शर्मा, एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान, एसपी देेहात सिद्धार्थ वर्मा मौजूद रहे।