जालंधरी सराय में अमर ज्योति कंपनी का बंद पड़ा कार्यालय। संवाद
- फोटो : परिजन
बदायूं। अमर ज्योति यूनिवर्स कंपनी के तीन एजेंटों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। निदेशक शशिकांत, सूर्यकांत के अलावा सभी एजेंटों के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। चार एजेंट पहले जेल जा चुके हैं। इस कार्रवाई से अन्य एजेंटों के परिवार के लोग परेशान हैं।
शहर के जालंधरी सराय में 22 साल पहले शशिकांत मौर्य ने अमर ज्योति यूनिवर्स के नाम से फाइनेंस कंपनी खोली थी। इसमें आरडी, एफडी के जरिए रुपये को दूना करने का लालच दिया गया था। कंपनी निदेशक समेत उसके नजदीकी व रिश्तेदार भी इसमें शामिल हो गए। इस ठगी के मुख्य कर्ताधर्ता करीब 25 लोग हैं। इसमें जिले के करीब 15 हजार लोगों ने 200 करोड़ रुपये निवेश किया है। अब कंपनी के भागने से निवेशक परेशान हैं। निवेशकों की तहरीर पर सदर कोतवाली में पांच नामजद समेत सभी एजेंटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है। एसआईटी ने ठगी करने वाले 25 लोगों को चिह्नित किया है। उनके घरों में दबिश दी जा रही हैं। साथ ही उनकी संपत्तियों की जांच की जा रही है। शनिवार को पुलिस ने तीन और एजेंटों को पकड़ा है। उसमें सदर कोतवाली क्षेत्र के शोभित कुमार वर्मा, उझानी के मोहल्ला नझियाई निवासी नवीन शर्मा पुत्र सुरेन्द्र कुमार शर्मा, सिविल लाइंस क्षेत्र के मुहल्ला आवास विकास के अमित साहू पुत्र प्रेमपाल साहू हें। इनको पुलिस ने जेल भेज दिया है।
नहीं मिल रहा संपत्ति का ब्योरा
शहर के कई एजेंट कंपनी में कमीशन पर काम कर रहे थे। अब पुलिस उन एजेंटों को गिरफ्तार कर रही है। निदेशकों तक पुलिस अब तक नहीं पहुंची। एजेंटों के परिवार वालों ने कहा कि निदेशक को गिरफ्तार करके वसूली की जाय।
-
जिले में कंपनी के नाम से खाता भी नहीं खंगाल सकी एसआईटी
जेल भेजे गए एजेंटों के परिजनों ने पुलिस पर गलत तरीके से कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पुलिस व एसआईटी टीम बताए कि कंपनी के नाम से शहर में कितने खाते संचालित हो रहे हैं। पांच दिन के बाद भी यह पता नहीं लगा पाना पुलिस की नाकामी साबित हो रही है।
कोट
- जो एजेंट ठगी में संलिप्त पाए गए हैं उनके खिलाफ ही कार्रवाई की जा रही है। किसी भी निर्दोष को नहीं सताया जा रहा है। जो ठगी में शामिल नहीं हैं उनको परेशान नहीं किया जाएगा। ऐसे ही तीन एजेंटों को जेल भेजा गया है। - डॉ. बृजेश कुमार सिंह, एसएसपी