- घटनास्थल का नक्शा बनाया, पिछले गेट का भी किया मुआयना, नहीं मिला अनधिकृत प्रवेश का साक्ष्य
-फंदे पर लटका मिला था सिविल जज ज्योत्सना राय का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। महिला जज ज्योत्सना राय की मौत के मामले की तफ्तीश करने कोतवाली पुलिस मंगलवार को उनके आवास पर पहुंची। मौका-मुआयना कर घटनास्थल का नक्शा नजरी बनाया और पिछले दरवाजे को लेकर भी छानबीन की। हालांकि पुलिस की ओर से पिछले दरवाजे से किसी के आने का अनुमान नहीं लगाया जा रहा है।
विगत तीन फरवरी की सुबह सिविल जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय का शव उनके सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला था। उनके पिता अशोक कुमार राय का कहना था कि कोई उनके आवास में आया था और बेटी की हत्या करके शव को फंदे से लटकाकर चला गया था। कोतवाली पुलिस इस एंगल पर विवेचना कर रही है लेकिन प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का मान रही है। इसकी एक वजह मौके से मिला सुसाइड नोट भी बताया जा रहा है। घटनास्थल का मौका-मुआयना करने कोतवाली इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह मंगलवार को महिला जज के सरकारी आवास पर पहुंचे। उन्होंने ताला खुलवाकर घटनास्थल का नक्शा नजरी बनाया और पिछले दरवाजे को लेकर छानबीन की। पुलिस को महिला जज के परिजनों के आरोप में दम नहीं नजर आया।
पुलिस का मानना है कि किसी को फंदे से लटकाना इतना सरल नहीं है। जोर जबरदस्ती भी होगी, शोर भी होगा और मारपीट भी हो सकती है, ऐसे में जज को फंदे से लटकाना और वह भी कॉलोनी में मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है। इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी सभी एंगल पर छानबीन की जा रही है।
-
फोरेंसिक लैब भेजा गया महिला जज का मोबाइल
कोतवाली पुलिस ने मामले की छानबीन करने के लिए महिला जज के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल तो निकलवा ली है लेकिन उनके मोबाइल का लॉक नहीं खुल पाया है। इंंस्पेक्टर के अनुसार, उस पर पैटर्न लॉक लगा हुआ था। इसके लिए कोतवाली पुलिस ने उनके परिवार वालों से भी संपर्क किया लेकिन वह लॉक के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाए। इस पर पुलिस ने उनका मोबाइल जांच के लिए एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) मुरादाबाद भेजा है। वहां से जांच रिपोर्ट आने के बाद इसमें कोई और कार्रवाई हो सकेगी।
महिला जज के आवास का पिछला हिस्सा। संवाद