दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव हाशिमपुर निवासी व्यक्ति को आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत करना भारी पड़ गया। पोर्टल पर दर्ज शिकायत का निस्तारण दिखाने के लिए ओटीपी न देने पर पुलिस पीड़ित को रात में थाने उठा ले गई। वहीं पीड़ित का कहना है कि बिना शिकायत के निस्तारण के ओटीपी मांगा जा रहा था, जो उसने नहीं दिया। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने पर पीड़ित को थाने से जाने दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव हाशिमपुर निवासी तारावती ने जमीन के विवाद की शिकायत कोतवाली में की थी। कोतवाली पुलिस की ओर से शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं करने के बाद तारावती ने आईजीआरएस पोर्टल पर फिर शिकायत की। शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस उसके निस्तारण के लिए पीड़ित तारावती के घर ओटीपी लेने के लिए गई।
पीड़ित ने शिकायत का निस्तारण नहीं होने तक ओटीपी नहीं देने की बात कही। इस पर कोतवाली पुलिस पीड़ित के पति रामवीर को बुधवार रात कोतवाली ले आई। उच्चाधिकारियों तक मामला पहुंचने पर पीड़ित को छोड़ा गया।
इधर, सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि पुलिस जिस पक्ष को कोतवाली लेकर आई थी। उनके खिलाफ विपक्ष ने तहरीर दी थी। इस कारण पूछताछ के लिए उन्हें कोतवाली लाया गया था। पूछताछ के बाद घर भेज दिया गया।